पटना के मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर में पुलिस मुठभेड़ में तीन लोगों की मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। भाकपा-माले ने पुलिस की मुठभेड़ की कहानी पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे फर्जी मुठभेड़ करार दिया है। पार्टी की पांच सदस्यीय जांच टीम ने घटनास्थल और मृतकों के घरों का दौरा करने के बाद न्यायिक जांच की मांग की है। टीम का दावा है कि घटनास्थल पर मुठभेड़ के कोई विश्वसनीय साक्ष्य नहीं मिले हैं। साथ ही तीनों मृतकों के शरीर पर करीब 30 गोलियां लगने और पुलिस के बयानों में विरोधाभास होने का आरोप लगाया गया है।
परिजनों के बयानों से पुलिस के दावों पर उठाए सवाल
भाकपा-माले की जांच टीम ने आठ नवंबर को मृतकों के परिजनों, स्थानीय ग्रामीणों और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से बातचीत की। इस दौरान टीम दानापुर के कृषि फार्म स्थित बबलू यादव के घर पहुंची। इसके बाद ताराचक में जेपी यादव के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों के अनुसार, जेपी यादव झारखंड के रामगढ़ में अपनी बहन के यहां रह रहे थे। एक पुराने मुकदमे में जमानत लेने के लिए उन्हें दानापुर कोर्ट आना था। इसके लिए वह 5 नवंबर को बस से घर के लिए निकले थे।
परिजनों ने बताया कि पांच नवंबर की रात करीब 10 बजे जेपी यादव ने फोन पर घर पहुंचने की बात कही थी, लेकिन अगले दिन उनका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिवार को फेसबुक के माध्यम से उनके पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की जानकारी मिली। परिजनों का आरोप है कि दानापुर सदर अस्पताल में शव देखने के दौरान पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और लाठीचार्ज भी किया। उन्होंने दावा किया कि जेपी यादव के सीने में सात गोलियां लगी थीं, लेकिन उनकी टी-शर्ट में गोली का कोई छेद नहीं था।
मंदिर के पुजारी ने कहा- रात में नहीं सुनी गोली चलने की आवाज
जांच टीम ने शेरपुर गांव से करीब एक किलोमीटर पश्चिम गंगा किनारे मंदिर के पास कथित मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण किया। टीम के मुताबिक, स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर के पुजारी ने वहां मुठभेड़ होने की जानकारी से इनकार किया। पुजारी ने बताया कि रात में गोली चलने की कोई आवाज नहीं सुनाई दी थी। सुबह करीब पांच बजे जब वह उठे तो वहां भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था और एंबुलेंस आ-जा रही थी। टीम ने घटनास्थल पर मंदिर से करीब 100 गज दक्षिण और गंगा नदी के पानी से 20-25 फीट पूरब तीन अलग-अलग स्थानों पर खून के निशान मिलने का दावा किया। वहां कुछ ग्लव्स और गमछे का आधा टुकड़ा भी मिला। जांच टीम के अनुसार, यह वही गमछा था जिसे पुलिस अधिकारी की बांह में बंधा दिखाया गया था। टीम ने घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति को भी पुलिस की बताई मुठभेड़ की कहानी से मेल नहीं खाने वाला बताया।
छठ महापर्व: पटना में 12 नवंबर तक घाट तैयार करने का निर्देश, ट्रैफिक रूट बदलेगा; आयुक्त ने क्या निर्देश दिया?
पुलिस के बयान और गोलियों की संख्या पर सवाल
भाकपा-माले की जांच टीम ने पुलिस के दावों में विरोधाभास होने का आरोप लगाया है। टीम के अनुसार, 8 नवंबर के एक अखबार में पुलिस के हवाले से बताया गया था कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने 18 और अपराधियों ने 24 गोलियां चलाई थीं। वहीं, तीनों मृतकों के शरीर पर कुल करीब 30 गोलियां लगने की बात सामने आई है। टीम ने सवाल उठाया कि तीनों को मुख्य रूप से सीने में ही गोलियां कैसे लगीं और पुलिस की ओर से चलाई गई गोलियों का क्या हुआ? जांच टीम ने पुलिस अधीक्षक के वीडियो बयान पर भी सवाल उठाए। पुलिस के अनुसार, अपराधियों की एक गोली मनेर थानाध्यक्ष की वर्दी को छूते हुए निकल गई थी। टीम ने पूछा कि यदि गोली इतनी करीब से गुजरी थी तो थानाध्यक्ष की बांह में गमछा क्यों बंधा था? गमछे पर खून के निशान क्यों नहीं थे और उन्हें इलाज की जरूरत क्यों नहीं पड़ी?
न्यायिक जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
भाकपा-माले की जांच टीम ने दावा किया कि परिजनों और ग्रामीणों के बयान, घटनास्थल की स्थिति और उपलब्ध परिस्थितिजन्य साक्ष्य पुलिस की मुठभेड़ की कहानी पर गंभीर संदेह पैदा करते हैं। टीम ने आशंका जताई कि तीनों की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शेरपुर में मुठभेड़ का दृश्य तैयार किया गया हो सकता है। पार्टी ने मामले की उच्चस्तरीय स्वतंत्र न्यायिक जांच कराने, खून के नमूनों, गमछे और ग्लव्स की फॉरेंसिक जांच कराने तथा पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी, बैलिस्टिक रिपोर्ट और शरीर में लगी गोलियों की विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। इसके अलावा संबंधित पुलिस अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच, मृतकों के परिजनों को मुआवजा और सुरक्षा देने की भी मांग की गई है। जांच टीम में भाकपा-माले के पोलित ब्यूरो सदस्य और पटना जिला सचिव अमर, पूर्व विधायक सत्यदेव राम, रामबली सिंह यादव, मनेर प्रखंड सचिव सुधीर कुमार और किसान ता रामकुमार यादव सहित उपेंद्र यादव शामिल थे।