सासाराम शहर में आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। भारी पुलिस बल के साथ उतरे अधिकारियों ने करीब चार घंटे तक पुरानी जीटी रोड और रौजा रोड पर कार्रवाई की। इससे शहर की मुख्य सड़क का नजारा बदला-बदला नजर आया।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें
पिछले कई दिनों से सासाराम जिला मुख्यालय में जाम की समस्या गंभीर होती जा रही थी। आम लोग ही नहीं, प्रशासनिक अधिकारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर अवैध अतिक्रमण और जाम को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए जिलाधिकारी उदिता सिंह के निर्देश पर नगर निगम प्रशासन ने पोस्ट ऑफिस चौराहा से लेकर धर्मशाला मोड़ तक कार्रवाई की।
बुलडोजर लेकर उतरे अधिकारी
पुरानी जीटी रोड पर बड़ी संख्या में अवैध और अस्थायी निर्माण देखकर प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से उन्हें ध्वस्त किया। फुटपाथ पर कब्जा जमाए दुकानदारों को भविष्य के लिए सख्त चेतावनी भी दी गई।
पढ़ें: राहुल गांधी की मतदाता अधिकार यात्रा 22 अगस्त को भागलपुर में, तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी भी रहेंगे साथ
फुटपाथी दुकानदारों में अफरातफरी
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और अधिकारियों को देख दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। टीम जैसे-जैसे आगे बढ़ती, ठेला-खोमचा वाले भागने लगे और अस्थायी दुकानदार अपने सामान समेटने में जुट गए। कई अस्थायी ढांचे ध्वस्त किए गए, जिससे पूरे इलाके में गहमागहमी का माहौल रहा।
नगर आयुक्त का बयान
नगर आयुक्त विकास कुमार ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अभियान चलाया गया है। कई दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया है और बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पहले भी चेतावनी दे चुका था, लेकिन अतिक्रमणकारियों ने सड़क खाली नहीं की। ऐसे में सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई करनी पड़ी।