रोहतास जिले के नोखा-राजपुर रोड पर मंगलवार को परीक्षा देने जा रहे एक युवक की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा राजपुर थाना क्षेत्र के प्रतापगंज नहर के पास हुआ। मृतक की पहचान नोखा थाना क्षेत्र के मोजराढ़ गांव निवासी सुनील चंद्रवंशी के 22 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रोहित बाइक से मोजराढ़ गांव से राजपुर परीक्षा देने जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत नोखा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे सासाराम सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। ट्रॉमा सेंटर पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।