भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय श्रद्धा पासवान की इलाज के दौरान मौत हो गई। 1 जनवरी को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से घायल श्रद्धा पासवान को पहले सहार सीएचसी, फिर अरवल और बाद में पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया था।
भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के लोदीपुर हाता निवासी 60 वर्षीय श्रद्धा पासवान की मौत हो गई। वे एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के बाद जब परिजन उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर घर ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
विज्ञापन
परिजनों के अनुसार, यह हादसा 1 जनवरी को हुआ था। उस समय श्रद्धा पासवान खड़ाव चतर्भुज स्थित ब्राह्मण बाबा के पास पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि श्रद्धा पासवान सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई और उन्हें अरवल रेफर कर दिया।
अरवल में भी हालत में कोई सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगे रेफर किया गया। इसके बाद परिजन उन्हें पटना स्थित पीएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां कुछ दिनों तक उनका इलाज चला। इलाज के बाद जब उन्हें डिस्चार्ज कर घर ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में श्रद्धा पासवान की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने उनका पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में कराया। इधर, घटना की सूचना मिलने पर सहार थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने दोषी मोटरसाइकिल सवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।