बिहार की राजधानी पटना में एक बुजुर्ग को पीट-पीटकर मार डालने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि भैंस चराने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इस वारदात को मृतक के रिश्तेदारों ने ही अंजाम दिया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे 30 पर जाम लगा दिया, जिससे करीब चार घंटे तक वाहन फंसे रहे।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, पश्चिमी पटना के मनेर थाना क्षेत्र के व्यापुर गांव के पास नदी क्षेत्र में भैंस चराने को लेकर हुए दो पक्षों में विवाद हुआ। इसके बाद 55 वर्षीय दीवाली राय नाम के शख्स को उसके रिश्तेदारों ने पीट-पीटकर जान से मार डाला। मनेर थाना पुलिस ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
इस वजह से हुआ था विवाद
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दीवाली के चचेरे भाई रुदल यादव ने खेत में पहले भी भैंस चराने पर आपत्ति जताई थी। इसे लेकर गुरुवार को रुदल और दीवाली के बीच बहस होने लगी, जो हाथापाई में बदल गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। उस दौरान रुदल की तरफ ज्यादा लोग जुट गए, जिन्होंने दीवाली को पीट-पीटकर मार डाला। इसके अलावा दीवाली के तीन साथी भी घायल हो गए।
जमीन को लेकर भी दोनों पक्षों में था विवाद
पुलिस के मुताबिक, दीवाली और उसके भाई कालीचरण यादव के बीच जमीन को लेकर भी विवाद चल रहा था। करीब चार महीने पहले दीवाली और कालीचरण के स्वामित्व वाली जमीन के हिस्से पर व्यासपुर गांव में सड़क का निर्माण किया गया था। इसमें रुदल कालीचरण का साथ दे रहा था। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।