पटना में आज सरकारी और राजनीतिक गतिविधियों के साथ छात्र आंदोलन से जुड़ी हलचल भी देखने को मिलेगी। दरोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द करने के फैसले के खिलाफ अभ्यर्थी सुबह 10 बजे गांधी मैदान के गेट नंबर 10 से मुख्यमंत्री आवास तक प्रदर्शन करेंगे। वहीं, नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनएमसीएच) में रैगिंग के मामले को लेकर सुबह 11 बजे हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं को एंटी रैगिंग कमेटी के सामने अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है। दूसरी ओर, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में दोपहर दो बजे पूर्व सांसद डॉ. आरसी खुंटिया प्रेस वार्ता करेंगे। वहीं दरभंगा स्नातक सीट पर हो रही मतगणना में गड़बड़ी का आरोप बुधवार शाम से ही लगा रहा है।
तेजस्वी यादव ने इस मामले को लेकर सरकार पर हमला भी बोला था। आज इसको लेकर राजद का एक प्रतिनिधि दल चुनाव आयोग के दफ्तर जाएगा।
जानिए, आज की प्रमुख गतिविधियां
सुबह 10 बजे: दरोगा भर्ती अभ्यर्थियों का प्रदर्शन
दरोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द करने के फैसले के खिलाफ अभ्यर्थी सड़क पर उतरेंगे। प्रदर्शन गांधी मैदान के गेट नंबर 10 से शुरू होकर मुख्यमंत्री आवास तक जाएगा। अभ्यर्थियों की मांग है कि मुख्य परीक्षा रद्द करने का फैसला वापस लिया जाए और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) की तारीख जल्द घोषित की जाए।
सुबह 11 बजे: एनएमसीएच में रैगिंग मामले की सुनवाई
नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रैगिंग के मामले सामने आने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने इस पर रोक लगाने की तैयारी तेज की है। इसी क्रम में हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं को सुबह 11 बजे एंटी रैगिंग कमेटी के सामने अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है। कमेटी के समक्ष छात्राओं की बात सुनी जाएगी।
दोपहर 2 बजे: सदाकत आश्रम में कांग्रेस की प्रेस वार्ता
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में पूर्व सांसद, कांग्रेस कार्यसमिति के पूर्व सदस्य और ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के पर्यवेक्षक डॉ. आरसी खुंटिया प्रेस वार्ता करेंगे। यह प्रेस वार्ता गुरुवार, 29 अक्टूबर को दोपहर दो बजे निर्धारित है।