पटना में सार्वजनिक नाले पर अतिक्रमण लीज की जमीन पर प्रशासन के रोक के बाद भी लगभग 40 की संख्या में बदमाशों ने वहां पहुंच कर उस सार्वजनिक नाले को तोड़ने लगे। स्थानीय लोगों के द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दिया।
पटना में सार्वजनिक नाले पर अतिक्रमण व खास महाल की जमीन पर किसी भी तरह के निर्माण के खिलाफ प्रशासन के रोक के बाद भी लगभग 40 की संख्या में बदमाशों ने वहां पहुंच कर उस सार्वजनिक नाले को तोड़कर अवैध रूप से मकान निर्माण कार्य शुरू कर दिए। जब इस बात का विरोध स्थानीय लोगों ने किया तो उनलोगों के साथ बदमाशों ने गाली-गलौज मारपीट शुरू कर दिया। मामला कदम कुआं थाना के दलदली रोड स्थित समद्दार पथ का है।
विज्ञापन
क्या है मामला
स्थानीय लोगों का कहना है कि दलदली रोड स्थित समद्दार पथ मे खास महाल (लीज की जमीन ) की जमीन पर किसी भी तरह के निर्माण कार्य पर प्रशासन की रोक के बाद शुक्रवार को 40 बदमाश पहुंच गए। खासमहाल की जमीन ब्लॉक ई, प्लॉट नंबर 19 और रैयती जमीन पर बने मकान के बीच एक सार्वजानिक नाला है जिसे बदमाशों ने तोड़ना शुरू कर दिया। नाला तोड़ते देख जब 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला राजकुमारी देवी ने घर के अंदर से विरोध जताया तो बदमाशों ने उनपर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए जिसमें वह महिला घायल हो गई। बदमाशों के द्वारा पत्थरबाजी होते ही वहां अफरातफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना कदम कुआं थाना की पुलिस को दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और बदमाशों को वहां से भगाते हुए मामला को शांत कराया।
Trending Videos
इनपर लगा है सार्वजानिक नाला को अतिक्रमण करने का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
इनको बनाया आरोपी
घायल राजकुमारी देवी को लेकर उनके बेटे और स्थानीय लोग कदमकुआं थाना पहुंच राजेश कुमार उर्फ बबलू, देवनारायण, मनोज कुमार और उसके दो भाई, ज्योति देवी और उसके दो बेटों के अलावा कृष्ण कुमार उर्फ कल्लू (लोजपा राम विलास का कार्यकर्त्ता बताता है) को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
जानिए कौन हैं आरोपी और क्यों हैं यह खास
जमीन के इस खेल में स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ खास लोग हैं जो खासमहाल के लीज के तीन कट्ठा 8.1धूर जमीन का गैर कानूनी खेल कर रहे हैं। इस मामले में पहला नाम है राजेश कुमार जिन्होंने महादेव चन्द्र से तीन कट्ठा 8.1धूर लीज की जमीन पॉवर के रूप में ली। पॉवर लेकर जमीन का प्लोटिंग करते हुए जमीन को देवनारायण के साथ बेचना शुरू किया। इस तरह उन्होंने आठ भाग में जमीन बेच दी। फिर है कृष्ण कुमार उर्फ कल्लू जो खुद को लोजपा (चिराग पासवान) का ख़ास कार्यकर्त्ता बताता है। इसके अलावे और भी कई नाम हैं जो सरकार की आंख में धुल झोंककर सरकार को ही चुना लगा रहे हैं।
सरकारी आदेश के बाद भी सार्वजानिक नाला तोड़ते हुए बदमाश
- फोटो : अमर उजाला
जानिए जमीन खासमहाल की जमीन का क्या है खेल
कदमकुआं अवस्थित खासमहाल भूखंड प्लाट संख्या -19,ब्लॉक-ई , तीन कट्ठा 8.1धूर लीज की जमीन है। यह मूल रूप से लीजधारी अभय चन्द्र डे को स्थाई रूप से पीढ़ी दर पीढ़ी हेतु लीज पर दी गई थी। लेकिन उनके बाद जमीन पर डॉ महादेव चंद्र जैन का कब्जा हो गया और फिर उन्होंने एक हजार के स्टाम्प पर राजेश कुमार को जमीन ट्रांसफर कर दिया। लेकिन अब उस जमीन का यह लोग उपयोग व्यावसायिक रूप से करने लगे। जिसके तहत राजेश कुमार ने इसे देव नारायण प्रसाद के साथ 7 ( सात) लोगों के नाम हस्तलिखित पॉवर दे दिया है। इस पॉवर के आधार पर इस भूमि पर देव नारायण प्रसाद के द्वारा मकान का निर्माण करवाया गया, जिस पर सक्षम पदाधिकारी का आदेश नहीं था। इस मामले की जांच रिपोर्ट में अंचलाधिकारी ने स्पष्ट कर दिया कि इस भूखंड पर लीज के नियम का खुल्लमखुल्ला उल्लंघन किया गया है। इसलिए लीज शर्त के उल्लंघन किए जाने के आलोक में लीज रद्दीकरण की अनुशंषा करते हुए किसी भी प्रकार के निर्माण पर रोक लगा दी गई।
मिल रही है धमकी
पीड़िता राजकुमारी देवी ने अमर उजाला को बताया कि सार्वजनिक नाला और खासमहाल की जमीन पर जब प्रशासन ने किसी भी तरह के निर्माण पर रोक लगा दी तो इन आरोपियों ने साजिश के तहत राजकुमारी देवी के बेटे को फंसाने के लिए कोर्ट में फर्जी केस कर दिया था ताकि राजकुमारी के पुत्र जेल चले जाए और फिर यह लोग इस प्रतिबंधित जमीन और सार्वजानिक नाले पर अवैध रूप से निर्माण कर सके। राजकुमारी देवी ने अमर उजाला को बताया कि ये लोग लगातार हमें धमकी दे रहे हैं कि अगर इस मामले में आगे बढ़े तो इसका खामियाजा तुम्हें भूगतना पड़ेगा। राजकुमारी को इस बात का डर है कि यह लोग कभी भी उनके परिवार या उनके बेटे के साथ किसी तरह की घटना को अंजाम दे सकते हैं। फिलहाल पूरा परिवार सहमा हुआ है।
क्या कहती है पुलिस
कदमकुआं थानाध्यक्ष का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। विधि व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए निर्माण कार्य को तत्काल रोक दिया गया है। पुलिस प्रशासन मामले की जांच पड़ताल कर रही है।