बिहार के बेतिया में बुधवार देर शाम को बाइक और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। जबकि बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल अस्पताल में चल रहा है। घटना जिले के बेतिया-चनपटिया मुख्य मार्ग स्थित चनपटिया थाना के पास की है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यक्ति को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चनपटिया में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरुवार सुबह बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल अस्पताल भेज दिया। फिर मामले की जांच में जुट गई।
थाना अध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के मलाही थाना क्षेत्र के भरवलिया तिवारी टोला गांव निवासी रामदेव तिवारी के बेटे अरविंद कुमार तिवारी (45) के रूप में हुई है। वहीं, घायल की पहचान बेतिया के नौतन थाना क्षेत्र के धूमनगर गांव निवासी आत्मा भगत के बेटे जितेंद्र भगत (35) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल अस्पताल है। मामले में ट्रैक्टर और उसके चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
घायल जितेंद्र भगत ने बताया कि वह दोनों बेतिया के सहोदरा से सेंटरिंग का काम कर अपने घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान चनपटिया थाना के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे अरविंद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि वह खुद गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है।