लूट, रंगदारी, हत्या और आर्म्स एक्ट जैसे जघंन्य अपराधों में शामिल रहा कुख्यात प्रद्युम्न शर्मा उर्फ मंटू शर्मा को बिहार पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। इसके खिलाफ अतिरिक्त CPW में भी रंगदारी का मामला दर्ज है। पुलिस की गिरफ्त में आया मंटू शर्मा अपराध की दुनिया में एक बड़ा नाम है। प्रॉपर्टी कारोबारी विजेंद्र से 50 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में इसका नाम सामने आया था। इसके खिलाफ मुजफ्फरपुर के अलावा कई राज्यों में हत्या, रंगदारी, लूट आदि के 12 से अधिक मुकदमे दर्ज है।
पकडे़ गए कुख्यात पर स्वचालित हथियार से मेयर की हत्या करने का भी आरोप
मुजफ्फरपुर के एसएसपी जयंतकांत के मुताबिक मंटू शर्मा पर मुजफ्फरपुर के पूर्व मेयर समीर कुमार की हत्या करने का भी आरोप है। 23 सितंबर 2018 को बाइक सवार बदमाशों ने एके-47 से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर पूर्व मेयर समीर कुमार की हत्या कर दी थी। इस घटना में समीर के अलावा उनके चालक रोहित कुमार की भी मौके पर मौत हो गई थी। उस दौरान समीर अपने चालक के साथ अखाड़ाघाट स्थित अपने होटल से गोला बांध रोड चंदवारा से होते हुए मिठनपुरा जा रहे थे। उनकी हत्या में मटूं-शम्भू गिरोह का नाम सामने आने पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
बिहार से लेकर यूपी, दिल्ली समेत कई राज्यों में चलता है आरोपी का सिक्का
पुलिस के मुताबिक, मुशहरी स्थित राष्ट्रीय लीची अनुसंधान के गार्ड रितेश हत्याकांड में 2014 में लखनऊ से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था। गोमती नगर में बदमाशों से एसटीएफ की मुठभेड़ हो गई थी। कड़ी सुरक्षा के बीच उसे मुजफ्फरपुर लाया गया था। कुछ माह जेल में रहने के बाद आरोपी जमानत मिलने पर बाहर आ गया। सीपीडब्ल्यूडी की ठेकेदारी में आरोपी का दबदबा रहा है। छपरा के बहलोलपुर गांव के रहने वाला मंटू की बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत कई राज्यों में संपत्ति है।