बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद जहरीली शराब और अन्य मादक पदार्थ के सेवन से हुई मौत की ओर इशारा करते हुए आज कहा कि शराबबंदी के बाद भी कुछ लोग नहीं मानते हैं और ऐसी चीजों का सेवन करते हैं जो उनके लिए जानलेवा हो गयी है। यह हमारे कानून की विफलता नहीं बल्कि कुछ लोगों की दूषित मानसिकता का परिणाम है।
अधिवेशन भवन में मादक द्रव्यों के दुरुपयोग एवं अवैध व्यापार के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय नशा विमुक्ति दिवस समारोह को संबोधित करते हुए नीतीश ने कहा कि हाल ही में बेगूसराय में जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की मौत की खबर आयी है। जांच से पता चला है कि इनलोगों ने सर्जिकल स्पिरिट का सेवन किया था।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले रोहतास, वैशाली एवं गोपालगंज जिले में भी जहरीली शराब पीने से कुछ लोगों की मौत हुई थी। यह सोचने वाली बात है कि समाज में कुछ ऐसी मानसिकता के लोग हैं, जो शराब के गलत कारोबार में लिप्त हैं और उसका सेवन करने वाले लोग इसका शिकार होते हैं।
नीतीश कुमार ने कहा कि पदाधिकारियों को इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिये प्रचार करने की जरुरत है ताकि लोग इसे जानें और इससे सतर्क रहें। इन सब चीजों के प्रति अभियान चलाकर लोगों को मानसिक तौर पर मजबूत करने की जरुरत है। मादक द्रव्यों के दुरुपयोग एवं अवैध व्यापार के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है, इसके लिए अपने देश में भी कानून हैं और हमलोग भी इसके लिए प्रतिबद्ध हैं।