बिहार के नालंदा के सोहसराय के थाना परिसर में प्रेमी जोड़े ने फिल्मी स्टाइल में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि इस दौरान बिहार पुलिस की तत्परता ने दोनों की जान बचा ली और उन्हें इलाज के लिए बिहारशरीफ के सदर अस्पताल में भेज दिया। यहां दोनों का इलाज किया जा रहा है।
तीन सालों से चल रहा था प्रेम प्रसंग
प्रेमी जोड़े की मानें तो दोनों के बीच लगभग तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की जाति अलग-अलग होने की वजह से फरवरी महीने में वे घर से भाग गए थे। इसके बाद प्रेमिका के परिवार वालों ने थाने में बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। इसी बीच रविवार को दोनों थाने पहुंच गए। वहीं न्यायालय ने पेशी के बाद किशोरी को परिवार के हवाले कर दिया।
लड़की जबरन शादी कराने का बना रही है दबाव
सोमवार को जब प्रेमी को अदालत भेजा जा रहा था तो प्रेमिका भी थाने पहुंच गई और दोनों ने हाई वोल्टेज ड्रामा करते हुए दुपट्टे से फांसी लगाने की कोशिश की। थानाध्यक्ष वीके सिंह ने बताया कि किशोरी जबरन शादी कराने के लिए दुपट्टे से फांसी लगाने की कोशिश कर रही थी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उसे ऐसा करते हुए देख लिया जिसके बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रेमिका इसी थाना इलाके के एक मोहल्ले की जबकि युवक कागजी मोहल्ला का रहने वाला है।