वैशाली के राघोपुर थाना क्षेत्र के मलिकपुर पंचायत में जमीन मापी के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर की बौछार कर दी, जिसमें कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि कुछ लोगों ने दोनों पक्षों में हो रही पत्थरबाजी का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
हालांकि की मारपीट में घायल हुए सभी लोगों को मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर फतेहपुर में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एक पक्ष के दो घायलों को पीएमसीएच रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, एक पक्ष के शिवजी दास, निकेत, संगीता देवी, हीरामणि देवी और मुस्कान कुमारी जबकि दूसरे पक्ष के नेमीचंद दास और उसकी पत्नी घायल हो गए। घायल अशोक कुमार ने बताया कि मलिकपुर निवासी रामप्रवेश दास, बिंदेश्वर दास राम, इकबाल दास राम चंद्र दास समेत कई अन्य लोग मलिकपुर में मेरी जमीन मापी के दौरान लाठी-डंडे बंदूक लेकर दरवाजे पर चढ़कर मारपीट कर मेरे पूरे परिवार को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हालांकि दूसरे पक्ष के नेमीचंद दास ने बताया कि मेरे ददिया ससुर बिलट दास के नाम से मलिकपुर में तीन डिसमिल जमीन का बास्केट पर्चा कटा हुआ है। पिछले कई वर्षों से जमीन पर मकान बनाकर हम लोग रह रहे हैं। इस जमीन की अशोक दास ने रजिस्ट्री करवा ली है और अपने समर्थकों के साथ मेरे घर पहुंचकर तोड़-फोड़ करने लगा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर चला रहे हैं। हालांकि पुलिस इस मामले में जांच-पड़ताल कर रही है।