लापता लोगों की खोजबीन की जा रही है
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली जिले के रुस्तमपुर थानाक्षेत्र में एक नाव अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन सिक्स लेन पुल के पाया नंबर 55 से टकराकर गंगा नदी में डूब गई। इससे अफरातफरी मच गई। हालांकि नाव पर सवार नाविक समेत तीन लोगों को किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया गया। जबकि दो व्यक्ति लापता बताए गए हैं। फिलहाल दोनों की नदी में खोजबीन की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पटना जिले के काला दियारा से नाविक नाव पर करीब 150 बोरा भांग लाद कर गंगा ब्रिज थानाक्षेत्र के तेरसिया पंचायत जा रहे थे। इसी दौरान सिक्स लेन पाया नंबर 55 से टकराकर नाव नदी में डूब गई। इससे नाव पर सवार पांच व्यक्तियों में से करीब तीन व्यक्ति किसी तरह बाहर निकल गए। लेकिन दो व्यक्ति लापता हो गए। लापता व्यक्ति गंगा ब्रिज थानाक्षेत्र के तेरसिया पंचायत निवासी अवधेश राय और राकेश कुमार बताए जा रहे हैं। स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ टीम की मदद से नदी में लापता लोगों की खोजबीन की जा रही है। घटना बीती रात करीब 11:30 बजे की है।
रुस्तमपुर थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि नाव डूबने की सूचना मिली थी। उसके बाद मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि दो व्यक्ति लापता बताए गए हैं। खोजबीन की जा रही है।