धरने पर बैठे लोग और प्रखंड प्रमुख मुन्ना कुमार
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के वैशाली में नए अंचलाधिकारी अंशु कुमार और कार्यालय में बैठीं उनकी पत्नी के व्यवहार से परेशान होकर आम जनता विरोध जताने के लिए धरने पर बैठ गई। हो-हल्ला सुनकर प्रखंड प्रमुख मुन्ना कुमार और मुखिया प्रतिनिधि अंचलाधिकारी के कार्यालय पहुंचे और सीओ से जानकारी लेनी चाही। इसी बीच सीओ की पत्नी विभा कुमारी प्रमुख से उलझ गईं।
लोगों का कहना है कि सीओ की पत्नी भी अपने पति के कार्यालय में आती हैं और आम लोगों से मिलने के दौरान टोका-टोकी करती हैं। दरअसल, आय, आवासीय, जाति सहित अन्य प्रमाण पत्रों के लिए लोगों ने आवेदन दे कर रखा था। कई दिन बीतने के बाद भी प्रमाण पत्र नहीं बने। इसकी शिकायत लेकर लोग सीओ के पास गए थे। वहीं, दूसरी तरफ प्रमुख हल्ला होने और प्रमाण पत्र समय से नहीं बनने की जानकारी लेने के लिए अंचल कार्यालय पहुंचे थे। जहां पर पहले से सीओ और उनकी पत्नी मौजूद थे।
यहां प्रमाण पत्र न बनने का कारण पूछते ही सीओ को कौन कहे, उनकी पत्नी भड़क गईं और प्रमुख को कार्यालय से बाहर निकल जाने की हिदायत दे दी। इसके बाद प्रमुख भड़क गए और नारेबाजी करते हुए बाहर निकल गए। फिर आम जनता के साथ धरने पर बैठ गए। सीओ और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद को लेकर जनप्रतिनिधियों ने सीओ के खिलाफ धरना देते हुए सीओ के खिलाफ नारेबाजी की है।