प्रेस वार्ता के दौरान राजद प्रत्याशी डॉ. अर्जुन राय
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के सीतामढ़ी लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान से एक दिन पहले इंडिया गठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी डॉ. अर्जुन राय ने बड़ा आरोप लगाया है। चुनाव प्रचार थमने के साथ शहर के शंकर चौक स्थित सीआरटी पैलेस में आयोजित प्रेसवार्ता में बिहार विधान परिषद के सभापति सह एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी देवेश चंद्र ठाकुर पर अपराधियों और भूमाफियाओं के साथ सांठगांठ और संरक्षण देने का आरोप लगाया है। इस दौरान इंडिया समर्थित राजद प्रत्याशी ने मीडिया के सामने तीन तस्वीरों दिखाया और कहा कि एक तस्वीर में सभापति सह जदयू प्रत्याशी के साथ नजर आने वाला व्यक्ति भूमाफिया है। वहीं, दूसरी फोटो में नजर आने वाले व्यक्ति पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
राजद नेता अर्जुन राय ने कहा कि चुनाव के बाद जदयू प्रत्याशी इसी अपराधी और भूमाफियाओं के भरोसे जनता को छोड़ महाराष्ट्र चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि पहले एनडीए प्रत्याशी ने उन्हें ‘कौवा’ कहा था और अब अनपढ़ कहा है। लेकिन वह नहीं जानते कि वह पीएचडी किए हुए हैं, तभी उनके नाम के आगे डॉक्टर लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि जदयू प्रत्याशी कहते हैं कि वह जातिवाद नहीं करते हैं, लेकिन उन्होंने बिहार विधान परिषद के अधिवक्ता पैनल की नियुक्ति में सिर्फ अपने जाति के अधिवक्ताओं को शामिल किया है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता पैनल में 10 में से आठ जाति के लोगों को ही शामिल किया है।
जानकारी के मुताबिक, राजद नेता अर्जुन राय ने भाजपा नेता जीतेश झा पर आरोप लगाया था। लेकिन जीतेश झा ने अपने ऊपर लगे आरोप को खारिज करते हुए कहा कि डॉ. अर्जुन राय की खुद बड़े-बड़े अपराधियों से सांठगांठ है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जिस समाज से आते है, उसी समाज के लोग ने सीतामढ़ी के बड़े-बड़े व्यवसायियों की हत्या की है।
जीतेश झा ने सभी आरोपों को खारिज कर कहा कि जो फोटो अर्जुन राय द्वारा दिखाया जा रहा है। वह फोटो मेरे घर का है और मेरी मां के श्राद्ध कार्यक्रम के दिन का है। हथियार भी लाइसेंसी है, जिसका लाइसेंस रखा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि रंजित बैठा समेत कई कुख्यात अपराधियों के साथ अर्जुन राय की सांठगांठ है। खुद क्या दूध के धुले हैं। जीतेश झा ने कहा कि वह चरवाहा विद्यालय से डॉक्टर की डिग्री लिए हुए हैं।