पुलिस की गिरफ्त में दोनों युवक तथा बरामद शराब
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने शराब की एक बड़ी खेप के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि दोनों के घर में शादी थी और वे बारातियों के स्वागत के लिए शराब की व्यवस्था कर रहे थे। इसके लिए वे उत्तर प्रदेश से शराब लाने निकले थे। रेल पुलिस की नजरों से बचते हुए तो वे शहर में दाखिल हो गए, लेकिन स्थानीय पुलिस के विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पकड़े गए।
कैसे पकड़े गए शराब तस्कर?
मुजफ्फरपुर पुलिस इन दिनों शहर में विशेष जांच अभियान चला रही है। इसी दौरान काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के साउथ गेट से निकलकर कलमबाग रोड की ओर जा रहे दो लोगों को संदेह के आधार पर रोका गया। पहले तो दोनों पुलिस जांच से बचने की कोशिश करने लगे। लेकिन जब पुलिस ने सख्ती दिखाई और बैग की तलाशी ली तो हैरान रह गई। बैग के अंदर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब भरी हुई थी।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के चाकूआसमन गांव निवासी मृत्युंजय कुमार और संतोष कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि उनके घर में शादी थी और बारातियों के स्वागत के लिए शराब की डिमांड थी। इसी कारण वे यूपी से शराब लाने गए थे।
पुलिस ने जब्त की 45 लीटर शराब
इस कार्रवाई को लेकर अपर थाना प्रभारी साकेत सार्दुल ने बताया कि विशेष वाहन जांच के दौरान दोनों को रोका गया था। जांच से बचने की उनकी कोशिशों को देखते हुए पुलिस ने सख्ती से बैग की तलाशी ली, जिसमें कुल 45 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की तो दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर ही धर दबोचा।
दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
शराब जब्त करने के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और फिर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें जेल भेज दिया। बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही। खासकर शादी-विवाह के मौसम में अवैध रूप से शराब लाने-ले जाने के मामले बढ़ जाते हैं।