सड़क हादसे में युवक ने गंवाई जान
- फोटो : Amar Ujala
मुजफ्फरपुर जिले के गरहां थाना क्षेत्र में मुजफ्फरपुर-दरभंगा एनएच-57 पर सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि मंगलवार को दोनों युवक ड्यूटी के लिए फैक्ट्री जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
मृतक युवक की पहचान बोचहां थाना क्षेत्र के करणपुर गांव निवासी विशाल कुमार (22) के रूप में हुई है। वहीं, इस दुर्घटना में उसका साथी गुड्डू कुमार (22) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। घायल का इलाज मेडिकल कॉलेज में कराया जा रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया है।
ड्यूटी के लिए घर से निकले थे दोनों युवक
इस घटना को लेकर विशाल के बड़े भाई राजकुमार ने बताया कि मंगलवार को दोनों युवक बाइक से ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। दोनों युवक पटियासा स्थित एक निजी फैक्ट्री में काम करते थे। आज गरहां चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गुड्डू घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि चालक फरार हो गया।
ये भी पढ़ें-
बिहार: 'मेरे लिए यह संभव नहीं था'...टिकट देने के बाद वापस लिया, उसी प्रत्याशी का जन सुराज को लेकर बड़ा खुलासा
इसी महीने होने वाली थी पहली डिलीवरी
परिजनों के अनुसार, मृतक विशाल की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है और इसी महीने उसकी पहली डिलीवरी होने वाली है। बच्चे के जन्म से पहले ही उसके पिता की हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने ट्रक जब्त किया, चालक की तलाश
घटना को लेकर गरहां थाना पुलिस ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दूसरा घायल है। दोनों एक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।