मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल से लौट रही चार छात्राओं पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राएं बाल-बाल बच गईं। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मृत छात्रा की पहचान साहेबगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी रमेश राय की 13 वर्षीय पुत्री नंदनी कुमारी के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई जब सभी छात्राएं स्कूल से पढ़ाई खत्म कर घर लौट रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर में अचानक मौसम खराब हुआ और तेज बारिश शुरू हो गई। चारों छात्राएं पास की पगडंडी से होकर गांव की ओर लौट रही थीं। उसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में नंदनी आ गई। वह सबसे आगे चल रही थी, इसी कारण बिजली सीधे उसी पर गिरी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक नंदनी दम तोड़ चुकी थी। उसकी तीन सहेलियां सुरक्षित हैं, हालांकि वे घटना से सदमे में हैं और जोर-जोर से रोने लगीं।
पढ़ें: 10 साल से फरार हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार, प्रखंड और पुलिस इंस्पेक्टर कार्यालय पर हमले का था आरोप
घटना की सूचना मिलते ही साहेबगंज थाना प्रभारी सिकंदर कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना की जानकारी अंचल अधिकारी को दे दी गई है ताकि सरकारी स्तर पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इस दुखद घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और गांव के लोग उन्हें ढाढ़स बंधा रहे हैं।