नेपाल और तराई क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब उत्तर बिहार की नदियों पर साफ दिखाई देने लगा है। नेपाल से आने वाली बागमती नदी का जलस्तर बढ़ने से मैदानी इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। लगातार बारिश के कारण मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड में बाढ़ का असर तेज हो गया है। प्रखंड क्षेत्र के माधोपुर गांव के पास बागमती नदी के तेज बहाव में सड़क कट गई, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
सड़क टूटने से ग्रामीणों का एकमात्र संपर्क मार्ग बंद हो गया है और इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि बागमती नदी के जलस्तर में कुछ कमी आई है, लेकिन उसका कहर अभी भी जारी है।
50 फीट सड़क टूटी, गांव का संपर्क बाधित
तेज बहाव के कारण सड़क करीब 50 फीट तक कट गई है। इससे सोनपुर से गंगिया जाने वाला मुख्य मार्ग बंद हो गया है। यह सड़क आसपास के लोगों के लिए आने-जाने का एकमात्र साधन थी। सड़क टूटने के बाद ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने शुरू किया राहत कार्य
सड़क कटने की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। आवागमन बहाल करने के लिए कटाव वाले हिस्से में गिट्टी डलवाई जा रही है और बांस की चचरी (अस्थायी पुल) बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि लोगों को आने-जाने में दिक्कत न हो।
ग्रामीणों में फिर बाढ़ लौटने का डर
स्थानीय बारी पंचायत के उपमुखिया संजीव कुमार सिंह ने बताया कि यहां के लोग वर्षों से इस समस्या का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोनपुर से गंगिया जाने वाली सड़क ओवरफ्लो के कारण कट गई है। यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए एकमात्र संपर्क मार्ग है, जिसके टूटने से ग्रामीणों की परेशानी काफी बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें:
ब्रिटेन में MBBS का सपना दिखाकर लाखों की ठगी! नकली एडमिशन लेटर देकर बनाया शिकार, यूपी से धराया गिरोह
नाव की भी होगी व्यवस्था, प्रशासन अलर्ट
कटरा प्रखंड के राजस्व पदाधिकारी श्याम नारायण मंडल ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। जहां सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है, वहां लोगों की आवाजाही के लिए नाव की व्यवस्था भी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में पूरी सतर्कता के साथ जुटा है ताकि किसी भी ग्रामीण को परेशानी का सामना न करना पड़े।