मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड क्षेत्र के बेनीबाद ओपी अंतर्गत बरुआरी चौहान चौक के पास एनएच-27 पर भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ऑटो और पिकअप की आमने-सामने की टक्कर में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें से दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पिकअप चालक को पकड़ लिया गया। मृतकों की पहचान रामपुर हरि थाना क्षेत्र निवासी रामश्रेष्ठ पासवान (करीब 70 वर्ष) और सुधीर कुमार (करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों पिता-पुत्र थे।
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि मुजफ्फरपुर जिले के रामपुर हरि थाना क्षेत्र के धनसी नरमा गांव के सभी लोग दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के बसतवारा गांव में अपने रिश्तेदारों से मिलकर लौट रहे थे। सोमवार देर रात ऑटो में सवार सभी लोग अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही पिकअप वैन से ऑटो की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग सड़क पर बिखर गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को पीएचसी में भर्ती कराया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई गई थी। इलाज के दौरान इनमें से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
ये भी पढ़ें- बिहार: नक्सली हिंसा में टूटा था स्कूल, अब BBOSE से पढ़कर मैट्रिक पास करने वाली गांव की पहली बेटी बनी सपना
इस मामले में श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी के प्रभारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। इनमें से दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई है, जबकि अन्य का इलाज चल रहा है। मृतक दोनों आपस में पिता-पुत्र थे और जिले के रामपुर हरि थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। बेनीबाद थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के मामले में परिजनों का फर्द बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने पिकअप चालक को पकड़ लिया है।
भीषण सड़क दुर्घटना
भीषण सड़क दुर्घटना
भीषण सड़क दुर्घटना