उत्तर बिहार के सबसे बड़े बस पड़ाव बैरिया बस स्टैंड में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बस स्टैंड में खड़ी एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। आग लगने और तेज धुआं उठने के बाद मौके पर स्थानीय लोगों और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। लोग पानी लाकर बस में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान पूरे आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। आग की लपटें उठती देख बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और बस कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए बस पकड़ने के लिए आए यात्री अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान आसपास खड़ी अन्य बसों को भी वहां से हटा दिया गया, ताकि आग की चपेट में आने से उन्हें नुकसान न हो।
फायर ब्रिगेड के आने से पहले लोगों ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग की लपटों को नियंत्रित किया। सबसे राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग लगने के समय बस खाली थी या उसमें कोई यात्री मौजूद था, इसकी जांच की जा रही है।
स्थानीय ने बताया- देखते ही देखते आग का गोला बनी बस
हादसे को लेकर स्थानीय निवासी दिलीप कुमार साह ने बताया कि अचानक एक बस में आग लग गई। सभी लोग मौके पर पहुंचे और पास के नाले के पानी से आग बुझाने का प्रयास करने लगे। उन्होंने बताया कि मौके पर कई बसें खड़ी थीं। इसके बाद बस स्टैंड के स्टाफ और बस ड्राइवरों ने तुरंत अन्य बसों को वहां से हटा दिया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। उन्होंने कहा कि आग कैसे लगी, इसकी जानकारी फिलहाल किसी को नहीं है। अचानक आग लगी और लोगों ने मिलकर उस पर काबू पाने का प्रयास किया।
ये भी पढ़ें-
औलाद नहीं थी, तो पड़ोसी बन गए बेटे; 85 वर्षीय दादी को पालकी में बैठाकर ले गए बाबा बैद्यनाथ धाम
आग लगने के कारणों की जांच में जुटी टीम
मुजफ्फरपुर जिले का बैरिया बस स्टैंड क्षेत्र का प्रमुख परिवहन केंद्र है। यहां से पूरे बिहार के साथ-साथ अन्य राज्यों के लिए भी सैकड़ों बसों का परिचालन होता है। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात और बस सेवाओं पर असर पड़ा। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अग्निशमन विभाग की टीम भी आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।