बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग छात्रा से छेड़खानी के आरोप का मामला सामने आया है। घटना का आरोप वार्ड सदस्य सह पड़ोसी पर लगाया गया है। इस घटना की सूचना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। इस घटना को लेकर पीड़िता की मां की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने मामला सामने आने के बाद आरोपित वार्ड सदस्य को हिरासत में लिया है और मामले में आगे की पूछताछ कर रही है।
घटना को लेकर पीड़िता ने बताया कि शनिवार की रात करीब आठ बजे वह बथान से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान उसके गांव के आरोपी, जो उसका पड़ोसी है, ने उसका पीछा किया और रास्ते में उसका हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर वह जबरदस्ती उसे बांसवारी की ओर ले जाने का प्रयास कर रहा था।
पीड़िता ने कहा कि अगर वह कोई भी गलत कार्य करेगा तो वह अपने पिता को बुला लेगी। इस घटना के बाद वह हल्ला करने लगी और स्थानीय लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग गया। इसके बाद छात्रा घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता की मां ने रविवार को मनियारी थाने में लिखित आवेदन दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें- बिहार: नेपाल में भारी बारिश से गंडक उफान पर, वाल्मीकिनगर बराज में पांच लाख क्यूसेक तक पानी आने की आशंका
पूरी घटना को लेकर डीएसपी पश्चिमी-दो अमरेश चंद्र ज्ञानी ने बताया कि मनियारी थाने में आवेदन प्राप्त हुआ है। इस आवेदन में नाबालिग छात्रा के साथ उसके पड़ोसी द्वारा छेड़खानी का आरोप लगाया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आवेदन और आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। अब जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।