मुजफ्फरपुर में एक नेशनल महिला रग्बी खिलाड़ी ने अपने कोच पर यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। खिलाड़ी का कहना है कि कोच ट्रेनिंग के दौरान छेड़छाड़ करता था, अश्लील हरकतें करता था और जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करता था।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक नेशनल महिला रग्बी खिलाड़ी ने अपने कोच पर यौन उत्पीड़न और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और फरार कोच की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
विज्ञापन
खिलाड़ी ने लगाए गंभीर आरोप
तुर्की थाना क्षेत्र की रहने वाली इस नेशनल खिलाड़ी ने आरोप लगाया है कि उसका कोच ट्रेनिंग के दौरान लगातार उसके साथ गलत हरकत करता था। उसने बताया कि कोच छेड़छाड़ करता था और अश्लील हरकतें करता था। खिलाड़ी का कहना है कि कोच उसे अकेले मिलने के लिए मजबूर करता था और जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करता था।
विरोध करने पर दी करियर बर्बाद करने की धमकी
जब खिलाड़ी ने इसका विरोध किया तो कोच ने उसे खेल से बाहर करने और उसका करियर खत्म करने की धमकी दी। इससे खिलाड़ी काफी डर और मानसिक तनाव में रहने लगी। इस घटना के सामने आने के बाद बिहार के खेल जगत में कोचों द्वारा खिलाड़ियों के शोषण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
इस मामले में एसडीपीओ वेस्ट-2 अनिमेष चन्द्र ज्ञानी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि अगर आरोपी कोच जल्द गिरफ्तार नहीं होता है तो उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है।