मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में शुक्रवार देर शाम 12 साल की किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपी की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी बिजली मिस्त्री का काम करता था और उसका घर कच्ची-पक्की थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर में था। नगर पुलिस अधीक्षक मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले की जानकारी दी है।
सीसीटीवी और टेक्निकल इनपुट से आरोपी की पहचान
नगर डीएसपी वन सुरेश कुमार के नेतृत्व में एसआईटी टीम इस मामले की जांच कर रही थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई थी। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है और परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया है। पुलिस को परिजनों ने बताया कि आरोपी को हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में अंतिम संस्कार कर दिया।
देह व्यापार से जुड़े लिंक की भी जांच
इस मामले में यह भी चर्चा सामने आ रही है कि आरोपी का पहले से तीन महिलाओं से संपर्क था, जिन्हें पहले ही जेल भेजा जा चुका है। बताया जा रहा है कि आरोपी को मोहल्ले में पहले भी आते-जाते देखा गया था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उन महिलाओं से उसका संबंध कब और कैसे जुड़ा और क्या यह पूरा मामला किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है।
ये भी पढ़ें:
कटिहार सड़क हादसा: मौत का आंकड़ा बढ़कर 13 हुआ; तीन लोगों ने पूर्णिया जीएमसीएच में तोड़ा दम, हताहतों की सूची जारी
घटना के बाद बच्ची को घर भेजकर फरार हुआ आरोपी
जानकारी के अनुसार आरोपी ने एक महिला के जरिए रुपये का लालच देकर 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसे उसी महिला के साथ उसके घर भेज दिया गया और आरोपी मौके से फरार होकर अपने घर चला गया।
सुसाइड और हार्ट अटैक पर जांच जारी
पुलिस को जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली कि आरोपी को जैसे ही मामले की भनक लगी और पुलिस उसके करीब पहुंची, उसके बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि परिजनों का कहना है कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई है।
वहीं कुछ चर्चाओं में यह भी बात सामने आ रही है कि उसने आत्महत्या की है, लेकिन पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस का बयान और आगे की कार्रवाई
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी के घर तक पहुंच चुकी थी, तभी उसकी मौत की सूचना मिली। परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत और अंतिम संस्कार की बात कही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच जारी है और देह व्यापार से जुड़े एंगल समेत सभी बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।