मोतिहारी में नरकटियागंज-दरभंगा रेल लाइन के छोटी से बड़ी गेज में विस्तारीकरण में रक्सौल रेलवे जंक्शन के पश्चिमी ओर जमा किए गए लोहे के छोटे समानों पर चोरों की बुरी नजर बनी हुई है। इस वजह से आरपीएफ के लिए चुनौती खड़ी हो गई है। इधर, तीन महीने में ही आरपीएफ की मुस्तैदी से चोरी के सामान सहित कई चोरों को पकड़ा जा चुका है। पकड़े गए चोरों में अधिकांश रक्सौल नगर के विभिन्न वार्डों के ही लोग हैं। आरपीएफ की मुस्तैदी से फिर एक चोर पकड़ा गया है।
रक्सौल आरपीएफ इंस्पेक्टर ऋतुराज कश्यप ने बताया कि रेल परिक्षेत्र से रेलवे के 10 हुक बोल्ट और पांच नट बोल्ट की चोरी करने के सिलसिले में आज एक चोर पकड़ा गया है। पकड़े गए चोर की पहचान रक्सौल सुंदरपुर रोड वार्ड-4 निवासी प्रदीप साह के बेटे अरविंद कुमार (23) के रूप में हुई है। इसे लेकर रेल संपत्ति चोरी अधिनियम में उक्त व्यक्ति पर जीआरपी थाने में एफआईआर की गई है। उसके बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि उप निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षी गोपाल सिंह, गिरिजेश कुमार और राजीव कुमार रेलवे यार्ड और माल गोदाम की तरफ गश्ती के लिए निकले थे। इस दौरान रक्सौल स्टेशन के पश्चिमी छोर इंजन की तरफ समपार फाटक संख्या 34 के पास एक चोर को पकड़ लिया गया। उस समय वह प्लास्टिक की बोरी में रेलवे के लोहे के सामान को ले जाने की फिराक में था। आरपीएफ को देखते ही वह बोरा लेकर भागने लगा। उसके बाद आरपीएफ ने उसे घेर कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बोरे में रखे लोहे के सामान को लेकर कोई ठोस और प्रामाणिक जानकारी नहीं दी। उसके बाद उसे जीआरपी थाना लाया गया और प्राथमिकी दर्ज की गई।
बताया गया कि रक्सौल से नरकटियागंज रेल लाइन का बड़ी लाइन में विस्तारीकरण का काम हाल ही में संपन्न हुआ है। भेलाही रूट पर रेलवे के पुराने लोहे को भारी मात्रा में भंडारित किया गया है। उसमें छोटे-छोटे सामान पेंडोल क्लिप, हुक बोल्ट और नट बोल्ट इत्यादि पर चोरों की नजर बनी रहती है। चोरों द्वारा मौका पाकर इसमें से आसानी से सामान चोरी कर लिया जाता है। कबाड़ और फेरी वालों को चोरी का सामान बेचकर यह कई स्थानीय चोरों के कमाने का जरिया बना हुआ है। वैसे आरपीएफ द्वारा इनमें से बड़ी संख्या में चोरों को पकड़ा जा चुका है।