मोतिहारी के घोड़ासहन में हिंदुस्तान यूनिलीवर एजेंसी संचालक की गोली मारकर हत्या की कोशिश करने और लूटपाट करने के मामले में फरार चल रहे दो अपराधियों को सहरसा से गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, प्रसिद्ध व्यवसायी सुजीत जायसवाल को गोली मारकर हत्या करने की कोशिश की गई थी। साथ ही करीब साढ़े तीन लाख रुपये भी लूट लिए गए थे।
मामले की पुष्टि करते हुए सिकरहना डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि शहर के अहमद नगर के पास सीमावर्ती क्षेत्र के प्रसिद्ध व्यवसायी सुजीत जायसवाल की गोली मारकर हत्या की कोशिश किए जाने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी नितेश यादव और राहुल यादव को पुलिस ने सहरसा से गिरफ्तार किया है। नितेश यादव जितना थाना क्षेत्र के बिजबनी गांव का निवासी है। वहीं, राहुल यादव ढाका थाना क्षेत्र के विशंभरपुर का निवासी है, जो झरौखर थाना क्षेत्र के बरौखर गांव में रहता था। दोनों अपराधियों से आवश्यक पूछताछ की चल रही है। वहीं, इस कांड में शामिल अन्य युवकों को भी पुलिस द्वारा चिन्हित किया जा रहा है। कई संदिग्ध युवकों को पुलिस ने अभी भी रडार पर रखा है। सूत्रों की मानें तो इस घटना में एक जन प्रतिनिधि द्वारा अपराधियों को संरक्षण प्राप्त होने की बात सामने आ रही है। बहरहाल पुलिस कई बिंदु पर गहन जांच पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, घोड़ासहन में बीते 12 जून को देर शाम एक व्यवसायी को अपराधियों ने भरे बाजार में गोली मार दी। साथ ही पैसों से भरा बैग छीन कर मौके से फरार हो गए। व्यवसायी को उस वक्त गोली मारी गई जिस समय वह दुकान बंद कर घर जा रहे थे। घटना घोड़ासहन थाना क्षेत्र के अहमद नगर के पास घटी थी। बाद में घायल व्यवसायी की पहचान घोड़ासहन के शंभू जायसवाल के बेटे सुजीत जायसवाल (27) के रूप में की गई।
बताया जा रहा है कि सुजीत की घोड़ासहन में अपनी दुकान है। दुकान बंद कर वह अपनी बाइक से घर जा रहे थे। इसी बीच दुकान से महज 200 मीटर की दूरी पर एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। इस दौरान सुजीत को एक गोली बांह में और दूसरी पेट में लगी। गोली लगने के बाद सुजीत वहीं पर गिर गए। इसके बाद अपराधी बाइक से उतर कर दिन भर की बिक्री के करीब तीन लाख रुपये जिस बैग में थे, वह लेकर फरार हो गए। दो अपराधी पैदल फरार हो गया थे, जबकि एक बाइक लेकर भाग गया।
बाद में अस्पताल में घायल सुजीत ने बताया था कि वह अपनी बाइक से दुकान बंद कर जा रहा था। इसी बीच एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने पहले उसे गोली मारी। फिर करीब तीन लाख रुपये बैग में था उसे लेकर फरार हो गया। भागते समय उसे फिर से एक गोली मारी और फरार हो गए।
वहीं, घटना के बाद सिकरहना एसडीपीओ अशोक कुमार ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर और वैज्ञानिक अनुसंधान कर घटना में संलिप्त सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि घटना के 20 दिन के बाद भी घायल सुजीत जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं, जिनका इलाज पटना स्थित फोर्ड हॉस्पिटल में चल रहा है।