मोतिहारी में मां के प्रेम प्रसंग का विरोध करने की कीमत एक युवक को जान गंवाकर चुकानी पड़ी। यह दिल दहला देने वाली घटना छतौनी थाना क्षेत्र के बड़ा बरियारपुर वार्ड नंबर 44 की है, जहां शनिवार देर रात 22 वर्षीय संटू कुमार की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।
दिल्ली से लौटे बेटे की हत्या से टूटा परिवार
मृतक संटू कुमार, मनोज पासवान का बेटा था और दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह तीन दिन पहले ही अपने गांव लौटा था। संटू अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और उसने पढ़ाई छोड़कर मजबूरी में काम करना शुरू किया था।
यह भी पढ़ें- Bihar: 'भोजपुरी के शेक्सपियर' भिखारी ठाकुर को भारत रत्न देने की मांग तेज, अब इस फिल्म अभिनेता ने उठाई है आवाज
मां के प्रेमी से हुआ विवाद, गुस्से में उतार दिया मौत के घाट
जानकारी के अनुसार, संटू की मां पूनम देवी का प्रेम प्रसंग उसी गांव के निवासी नितेश पासवान से चल रहा था। शनिवार रात नितेश शराब के नशे में धुत होकर संटू के दरवाजे पर पहुंचा और घर में घुसने की कोशिश करने लगा। संटू ने इसका विरोध किया तो नितेश ने गाली-गलौज शुरू कर दी और पूनम देवी को बाल पकड़कर खींचने लगा। जब संटू ने मां की रक्षा करने की कोशिश की तो नितेश और भड़क गया और दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई।
गुस्से में आकर नितेश ने संटू का गर्दन दबा दिया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संटू की मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया। मां पूनम देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, पिता मनोज पासवान, जो काम के सिलसिले में बाहर थे, बेटे की मौत की सूचना मिलते ही गांव लौट रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Bihar News: पहले पांच साल की बच्ची के साथ किया दुष्कर्म, फिर उतारा मौत के घाट; नाबालिग गिरफ्तार, गांव में तनाव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, चार हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही छतौनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। वहीं पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि मुख्य आरोपी नितेश पासवान अभी भी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस छापामारी कर रही है।