मुजफ्फरपुर जिले में घर के बंद कमरे से नव विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटका मिला। इस घटना की जानकारी ग्रामीण द्वारा स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंचकर पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। घटना जिले के साहेबगंज थानाक्षेत्र के छपरा गांव की बताई गई है। उसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं, मौके पर पहुंचे मृतका के मायके वालो ने हत्या का आरोप लगाया है।
घटना को लेकर मृतका की मां ने बताया कि बेटी की शादी गांव के हीरा राय के बेटे उमेश राय से डेढ़ साल पहले बड़ी धूम-धाम से की थी। सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। लेकिन कुछ महीने से बाइक मांगने का दबाव बनाया जा रहा था। लेकिन हम गरीब लोग हैं, बाइक देने के लिए सक्षम नहीं हैं। ऐसे में ससुराल वालों ने मिलकर बेटी की हत्या कर दी और मौके से भाग गए। हम सभी पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा प्रखंड के बैरिया थानाक्षेत्र के रहने वाले हैं। बेटी किरण देवी की उम्र 20 वर्ष थी। उसका पति उमेश राय बाहर रहकर मजदूरी करता था। उसके पिता भी बाइक के लिए दबाव बनाया करते थे। अब बेटी की हत्या कर दी गई है और भाग गए हैं।
इधर, साहेबगंज थाना पुलिस के सब इंस्पेक्टर हरेंद्र कुमार ने बताया कि एक नव विवाहिता का कमरे से शव बरामद किया गया है। परिजन ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। प्रथम दृष्ट्या यह मामला आत्महत्या का लगता है। लेकिन आत्महत्या किस कारण से की गई है, जिसके लिए जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए हैं।