घटनास्थल पर रोते-बिलखते मृतक के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मोतिहारी में अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। खबर मिलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और ग्रामीण सड़क जाम कर विरोध जताने लगे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फेनहारा थानाध्यक्ष सुषमा कुमारी ने ग्रामीणों को समझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। यह घटना फेनहारा थाना क्षेत्र के खान पिपरा चिकनी के पास की है। मृतक की पहचान खान पिपरा निवासी बैजू सहनी के बेटे धीरज कुमार (19) के रूप में हुई है।
घटना को लेकर मृतक के दादा ने बताया कि धीरज सुबह शौच के लिए आया था। इसी बीच अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह बाहर रह कर मजदूरी करने का काम करता था। वह चचेरी बहन की शादी में शामिल होने आया था। वहीं, घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, जैसे ही गांव वालों को पता चला कि धीरज की टक्कर लगने से मौत हो गई है। उसके बाद भारी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और बांस-बल्लों से सड़क घेर कर मृतक के परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग करने लगे। जैसे ही इस बात की जानकारी फेनहारा थानाध्यक्ष को लगी, उन्होंने मौके पर पहुंच ग्रामीणों को समझाकर जाम खत्म कराया। फिर धीरज के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
फेनहारा थानाध्यक्ष सुषमा कुमारी ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई है। परिजनों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम किया था, सभी को समझाकर जाम खुलवा दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। परिजन की तरफ से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।