'सरकार में रहकर मंदिर-मस्जिद की राजनीति कर रहे गिरिराज'
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के वीआईपी (विकासशील इंसान पार्टी) सुप्रीमो मुकेश सहनी ने वैशाली के हाजीपुर में अपने कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की स्वाभिमान यात्रा और बिहार की वर्तमान सरकार पर तीखे शब्दों में हमला बोला।
‘हिंदू होने का दिखावा कर रहे गिरिराज सिंह’
मुकेश सहनी ने भाजपा नेता गिरिराज सिंह की स्वाभिमान यात्रा को ‘नाटक और ड्रामा’ करार दिया। उन्होंने कहा कि जो नेता सरकार में रहकर मंदिर-मस्जिद की राजनीति कर रहे हैं, वे हिंदू होने का दिखावा कर रहे हैं। सहनी ने सवाल उठाया कि वास्तविक मुद्दों से भटकाने के लिए ऐसे नाटक किए जा रहे हैं।
जहरीली शराब से मौतों पर नीतीश सरकार को घेरा
इस दौरान मुकेश सहनी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार को भी आड़े हाथों लिया, खासकर छपरा और सीवान में जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफा मांगते हुए कहा कि राज्य में शराबबंदी के बावजूद जहरीली शराब से हो रही मौतें सरकार की विफलता का प्रमाण हैं। सहनी ने मुजफ्फरपुर में शराब की मिनी फैक्टरियों के संचालन की ओर इशारा करते हुए कहा कि इन फैक्टरियों के बिना पुलिस अधिकारियों की मिलीभगत से चलने की संभावना नहीं है। उन्होंने एसएसपी, एसपी और डीएसपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये अधिकारी खुद जिले में शराब की बिक्री को बढ़ावा दे रहे हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सपनों को चूर-चूर कर रहे हैं।
मुकेश सहनी ने आगे कहा कि नीतीश सरकार की विफलताएं और भ्रष्टाचार अब खुलेआम दिखाई दे रहे हैं। इस स्थिति में मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए।
चुनाव की तैयारी में जुटे हैं नेता
दशहरा के समाप्त होते ही बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी गतिविधियों को तेज कर दिया है। मुकेश सहनी भी हाजीपुर में अपने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर बूथ स्तर पर अपनी पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने चुनावी तैयारियों को लेकर भी रणनीति पर चर्चा की और अपने समर्थकों को सक्रिय रूप से चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया।