निशांत कुमार पूजा अर्चना करते हुए
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार मंगलवार को अचानक सोनपुर के विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में माथा टेकने पहुंच गए। उनके साथ पार्टी के कार्यकर्ता भी मौजूद थे। बाबा हरिहरनाथ मंदिर में निशांत कुमार ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वहां मौजूद आचार्य ने उनसे रुद्राभिषेक भी करवाया।
कई दशक पहले इस मंदिर में आए थे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
बताया जाता है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कई दशक पहले इस मंदिर में पूजा करने आए थे, लेकिन उसके बाद वे दोबारा यहां नहीं पहुंचे। ऐसे में उनके पुत्र निशांत कुमार के मंदिर पहुंचने को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फूल-मालाओं के साथ किया गया निशांत का स्वागत
मंदिर परिसर में पहुंचते ही मौजूद लोगों ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। निशांत कुमार ने भगवान से प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समर्थक मौजूद रहे।
पिता के कामों को याद कर भावुक हुए निशांत
मीडिया से बातचीत करते हुए निशांत कुमार ने बताया कि वे पिछले करीब 20 वर्षों से लगातार इस मंदिर में आते रहे हैं और एक बार फिर बाबा का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। उन्होंने अपने पिता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल को याद करते हुए भावुक अंदाज में कहा कि बिहार की जनता उनके पिताजी के कामों को हमेशा याद रखेगी। जिस तरह पिछले 20 वर्षों से जनता ने उनके पिता को मान-सम्मान दिया है, उसी तरह आगे भी उन्हें और उनकी पार्टी को जनता का समर्थन मिलता रहेगा।
ये भी पढ़ें:
'ममता सरकार में घुसपैठियों का राज', TMC के गढ़ में जमकर बरसे सम्राट, बोले- अराजकता की जद में बंगाल
पुख्ता रही सुरक्षा व्यवस्था
निशांत कुमार के इस दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रही। वहीं, उनकी बढ़ती सार्वजनिक सक्रियता को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और इसे राजनीतिक नजरिए से भी अहम माना जा रहा है।