वैशाली जिले के रुस्तमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक नवविवाहिता का शव बरामद किया है। शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर बंद कर फरार बताए जा रहे हैं।
मृतका की पहचान पटना जिले के बख्तियारपुर निवासी राजा पासवान की पुत्री लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है। लक्ष्मी की शादी करीब एक माह पूर्व रुस्तमपुर निवासी मकिंदर पासवान से हुई थी, जो पेशे से टेंपो चालक है। परिजनों के अनुसार शादी धूमधाम से हुई थी और शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य चल रहा था।
बताया गया कि घटना से पहले लक्ष्मी की सास ने उसके मायके वालों को फोन कर सूचना दी कि लक्ष्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही परिजन रुस्तमपुर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि घर बंद है और ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं है। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
पढे़ं: वैशाली में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ एक गिरफ्तार
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़ा तो अंदर नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि उक्त परिवार में इससे पहले भी दो बहुओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है और अब यह तीसरी घटना है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस संबंध में पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि एक महिला का शव बरामद किया गया है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।