वैशाली जिले के बिदूपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है।पुलिस को सूचना मिली थी कि बिदूपुर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें बिदूपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनीष भारद्वाज (दंडाधिकारी के रूप में) सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। छापेमारी के दौरान माइल गांव निवासी रामबालक राय को हिरासत में लिया गया। तलाशी के क्रम में उसके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गांव का ही एक अन्य व्यक्ति पूर्वोत्तर भारत (नॉर्थ ईस्ट) से गांजा मंगवाकर इस इलाके में सप्लाई करता था। डीएसपी ने बताया कि दोनों के बीच पैसों के लेनदेन से जुड़े अहम साक्ष्य भी पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की पहचान में जुट गई है और लगातार छापेमारी की जा रही है।
पढ़ें: भागलपुर में रंगदारी मांगने पहुंचा कुख्यात बदमाश घायल, अपने ही हथियार से लगी चार गोलियां
वहीं, इस मामले से इतर हाजीपुर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने एक अन्य घटना के संबंध में बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ लोग ‘चोर-चोर’ कहकर एक युवक की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को रेस्क्यू कर सदर अस्पताल में इलाज कराया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल युवक से नगर थाना में पूछताछ की जा रही है। अभी तक इस मामले में किसी के द्वारा लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।