घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मुजफ्फरपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप में जख्मी हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। यह घटना सदर थाना क्षेत्र के एनएच 28 मुजफ्फरपुर पटना मार्ग के रामदयालु नगर खबरा के पास की है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले में आगे की जांच और कार्रवाई में जुट गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, लोगों ने खदेड़कर ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र का है, जहां पर तेज रफ्तार एक हाइवा ने बाइक पर सवार दो लोगों की रौंद दिया, जिसमें एक की मौके पर मौत हो गई और दूसरे को गंभीर हालत में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा है। साथ ही शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज में भेजा गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच को जाम कर दिया। लेकिन पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझा-बुझा कर जाम हटवा दिया।