मोतिहारी के गणेश महावीर +2 विद्यालय रामगढ़वा में नौंवी वर्ग की एक छात्रा कक्षा में बेहोश होकर गिर गई। इसकी वजह चिलचिलाती गर्मी का असर माना जा रहा है। उक्त छात्रा के बेहोश होकर गिरने से पूरे विद्यालय में अफरातफरी का माहौल बन गया। इधर, गर्मी की वजह से इस प्रकार की घटना स्कूली छात्रों में आए दिन देखने को मिल रही हैं। रामगढ़वा में भी छात्रा के बेहोश होने से लोगों में अब चिंता बढ़ गई है।
मोतिहारी में लगातार हीट वेब का कहर बना हुआ है और अभी तक इसका ज्यादातर असर स्कूली छात्रों पर देखने को मिला है। साथ ही यह बुजुर्ग लोगों के लिए भी शामत लेकर आया है। जिले में हीट वेब के दौरान भी स्कूलों में वर्ग संचालन होता रहा और इसका खामियाजा भी कई छात्रों को भुगतना पड़ा है। रामगढ़वा के गणेश महावीर +2 विद्यालय की नौंवी वर्ग की छात्रा के कक्षा में बेहोशी की सबसे ताजा घटना है। इसके पहले भी छात्र हीट वेब का शिकार हो चुके हैं।
28 जुलाई को पताही में भी एक छात्र बेहोश हो गया था। यहां उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बारा शंकर की एक छात्र भी कक्षा में बेहोश हो गई थी। उसके बाद उसका इलाज कराया गया। होश में आने पर उसके सीने में दर्द होने लगा। मोतिहारी सदर अस्पताल में इलाज के बाद वह ठीक हुआ।
वहीं, इस भीषण गर्मी का असर बुजुर्ग लोगों पर भी देखा जा रहा है। 30 जुलाई को बिजबनी दक्षिणी पंचायत के जगीरहा निवासी रामबाबू महतो की पत्नी की मौत हीट वेब से हो गई थी। जीतना थाना क्षेत्र में भी हीट वेब से एक महिला बेहोश होकर गिर गई, जिसकी वजह चिलचिलाती गर्मी का असर बताया गया था।
इधर, अरेराज में भी एक छात्र की विद्यालय में मौत हो चुकी है। मामला अरेराज बीआरसी के पास स्थित राजकीय मध्य विद्यालय बालक की है। मृतक छात्र की पहचान सोनेलाल साह के 11 वर्षीय बेटे रवि राज के रूप में की गई थी। उक्त छात्र ने टिफिन के दौरान आइसक्रीम खाई थी। उसके बाद इसके सीने में तेज दर्द हुआ, फिर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जुलाई में हीट वेब का प्रभाव इस साल ज्यादा रहा और कई लोग आसामयिक मौत का शिकार हुए। प्राइमरी से माध्यमिक कक्षा के छात्र इससे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। अभी भी हीट वेब में कमी नहीं आई है। जुलाई के आरंभ में हलकी बारिश हुई और उसके बाद पूरे जिले में वर्षा गायब हो गई और उमस भरी गर्मी का प्रभाव लोगों को झेलना पड़ा है। आज से हवा का बहाव शुरू हुआ है। लेकिन बारिश नहीं हो रही है। बारिश न होने का असर हीट वेब के रूप मे सामने आया है।