पुलिस मामले की जांच में जुटी है
- फोटो : अमर उजाला
बेतिया में नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। महिला का शव पंखे पर फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना जिले शिकारपुर थानाक्षेत्र के गदियानी गांव की है। उक्त महिला की शादी मात्र तीन महीने पहले ही हुई थी। मृतका की पहचान शिकारपुर थानाक्षेत्र के गदियानी गांव निवासी बाबुजान अंसारी की पत्नी असमीना खातून (19) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलने पर मृतका की मां बेगम खातून, बहन अरमीना खातून और भाई सोहेल ओजैद समेत अन्य परिजन गदियानी गांव पहुंचे। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद से मृतका की सास को छोड़कर सभी परिजन फरार हैं। हालांकि पुलिस मोबाइल लोकेशन को ट्रेस उनकी गिरफ्तारी को लेकर छापामारी में जुट गई है।
इधर, सूचना पर प्रशिक्षु डीएसपी डा. सपना रानी सदल बल गदियानी गांव पहुंचीं। फिर शव की जांच पड़ताल में जुट गईं। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले महिला के शव को उसके ससुराल के लोगों ने फंदे से उतारकर बेड पर लिटा दिया था। घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के परिजनों समेत उसके भाई सोहेल ने असमीना के ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि उनकी बहन की शादी तीन महीने पहले ही हुई थी। उसे बराबर टॉर्चर किया जाता था। उन्होंने बहन के पति, गोतनी और भैसुर पर हत्या कर फंदे से लटकाने का आरोप लगाया।
वहीं, प्रशिक्षु डीएसपी ने बताया कि नवविवाहिता के गले पर काले रंग का निशान है और जीभ नहीं निकली है। एसएफल टीम से जांच कराई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नवविवाहिता की हत्या हुई है या आत्महत्या, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।