वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र में मंगलवार को कानून-व्यवस्था बनाए रखने गई पुलिस टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। डीजे जब्त करने पहुंची पुलिस पर हुई इस हिंसक घटना में थानाध्यक्ष वेदानंद, सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी हुई है।
प्रशासन ने डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया था
जानकारी के अनुसार, मोहर्रम पर्व को देखते हुए प्रशासन ने डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि महनार बाजार स्थित मिडिल स्कूल के पास डीजे ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष वेदानंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए डीजे को जब्त कर लिया।
अचानक भीड़ उग्र हुई
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद वहां मौजूद लोगों की भीड़ अचानक उग्र हो गई। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम को घेर लिया और उन पर हमला बोल दिया। हमले में थानाध्यक्ष वेदानंद, सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय तथा दो अन्य जवान घायल हो गए।
भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ की धक्का-मुक्की
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। सबसे अधिक चोट सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय को लगी, जिन्हें जमीन पर गिराकर पीटा गया। घटना के दौरान अफरा-तफरी मच गई और हमलावरों ने पुलिस की हिरासत से जब्त किए गए दोनों डीजे भी छुड़ा लिए।
जवानों की मदद तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया
घायल पुलिसकर्मियों को स्थानीय लोगों और अन्य जवानों की मदद से तत्काल महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें-
PMCH Patna: किस बात पर बिफर पड़े स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार? पीएमसीएच में नई सुविधाओं का उद्घाटन हंगामेदार
सूचना पर पुलिस कार्रवाई करने पहुंची
घटना को लेकर सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि मिडिल स्कूल के समीप डीजे बजाए जाने की सूचना पर पुलिस कार्रवाई करने पहुंची थी। डीजे जब्त करने के बाद जब पुलिस वीडियो रिकॉर्डिंग कर रही थी, तभी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया।
फिलहाल, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। हमलावरों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।