पुलिस मामले की जांच में जुट गई है
- फोटो : अमर उजाला
मोतिहारी के मेहसी थानाक्षेत्र के बथना में सोमवार की सुबह करीब पांच बजे तेल चोरी का विरोध करने पर एक युवक को गोली मार दी गई। घटना बथना पुराना पेट्रोल पंप के पास बाबा लाइन होटल की है। जहां दीपक कुमार (28) को तेल चोर गिरोह ने गोली मार दी। फिलहाल दीपक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बाबा लाइन होटल के पास सुबह पांच बजे के करीब तेल चोर गिरोह के लोग एक ट्रक से तेल चोरी कर रहे थे। इस दौरान होटल में सो रहा दीपक कुमार जागा और चोरी का विरोध किया। इस पर गिरोह के एक सदस्य ने दीपक को सिर के पिछले हिस्से में गोली मार दी, जिससे वह तुरंत जमीन पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर होटल के अन्य लोग जाग गए और फौरन घायल दीपक को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से उसकी चिंताजनक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना के बाद तेल चोर गिरोह मौके से कार में सवार होकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
इधर, दीपक कुमार के परिवार और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी रोष है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने और इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।