सीतामढ़ी जिला मुख्यालय डुमरा में गुरुवार की शाम अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। घटना परसौनी मोड़ (डुमरा थाना क्षेत्र) के पास हुई, जहां बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने मदन कुमार को निशाना बनाकर गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल मदन कुमार को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मदन कुमार के रूप में हुई है, जो डुमरा प्रखंड के परोहा पंचायत की मुखिया का देवर थे। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ा विवाद सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि हाल ही में मृतक एक जमीन सौदे के विवाद में उलझे हुए थे।
पढ़ें: दरभंगा पॉलिटेक्निक में रैगिंग विवाद: मारपीट में छात्र घायल, डीएमसीएच में चल रहा इलाज; जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ और डुमरा थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद किए हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब सात बजे अपराधी अचानक पहुंचे और नजदीक से फायरिंग कर दी। गोली लगते ही मदन कुमार मौके पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर दहशत में आकर इधर-उधर भागने लगे।