घटनास्थल पर जांच करने पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम
- फोटो : अमर उजाला
बेतिया के सहोदरा थाना क्षेत्र के अररिया बारवा स्थित चनहा सरेह में गन्ने के खेत में एक महिला का शव मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने के बाद से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोग हत्या कर शव को खेत में फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, महिला ने काले रंग की पोशाक और लाल रंग का दुपट्टा पहना हुआ है, जिससे वह विवाहित प्रतीत हो रही है। शव की हालत देखकर ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि यह करीब 4-5 दिन पुराना है। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से मृतका की पहचान करने की कोशिशें तेज कर दी हैं।
पुलिस जांच में जुटी
सहोदरा थाना पुलिस ने घटनास्थल पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला (फॉरेंसिक टीम) और डॉग स्क्वाड को बुलाकर जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ रंजन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का लग रहा है। संभवतः महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और सबूत छिपाने के लिए शव को गन्ने के खेत में फेंका गया।
घटना से इलाके में दहशत
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के गांवों में सूचना दी गई है। इसके साथ ही हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में टीम को लगाया गया है। वहीं, पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि अगर किसी ने महिला को इस क्षेत्र में देखा हो या उसकी पहचान के बारे में कोई जानकारी हो, तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करें।