बेतिया से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां घर में रखी बाइक का चालान कट गया है। बाइक मालिक के मोबाइल पर जब चालान कटने का मैसेज आया तो वह दंग रह गया कि उसकी बाइक घर पर है तो उसका चलान कैसे कट गया। मामले को लेकर उसने पश्चिमी चंपारण जिले की शिकारपुर पुलिस से संपर्क किया। पीड़ित की पहचान बगहा पुलिस जिले के लौकरिया थानाक्षेत्र के बहुरवा गांव निवासी महंत शाह के बेटे सतीश कुमार गुप्ता (32) के तौर पर हुई है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित वाहन मालिक सतीश ने मैनाटांड़ पुलिस को आवेदन देकर बताया कि 15 जुलाई को उसके मोबाइल पर उसकी बाइक का एक हजार रुपये का ई-चालान कटने का मैसेज आया। जबकि उसकी बाइक उसके घर पर थी और वह बाइक लेकर कहीं नहीं गया था।
उसके बाद वह तीन अगस्त को इस बात की जानकारी जुटाने के लिए शिकारपुर थाने पहुंचा। वहां पता चला कि शिकारपुर पुलिस द्वारा लौरिया नरकटियागंज रोड पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रिपल लोडिंग का फाइन एक हजार रुपये का काटा गया था। चालान काटने के दौरान बाइक सवार ने अपना नाम अब्दुल कलाम पिता फाजिल मियां बताया था, जो मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के सुखलही गांव का निवासी है। जब मामले का सत्यापन किया गया तो बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर, चेचिस नंबर और इंजन नंबर सतीश कुमार गुप्ता के नाम पर ही निकला।
सतीश कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि मेरी बाइक का सेम नंबर मैनाटांड़ थानाक्षेत्र के सुखलही गांव में फर्जीवाड़ा कर उपयोग किया जा रहा है। वहीं, आवेदक ने पुलिस से फर्जीवाड़ा कर उसके नाम से बाइक चलाने के लिए बाइक मालिक पर कार्रवाई करने की मांग की है। इधर, मैनाटांड़ थानाध्यक्ष मंटू कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।