बेतिया के एक पोखर में स्टंट दिखाकर रात को नहा रहे एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। दरअसल, उक्त पोखर में चारों तरफ से लाइटिंग है जो देखने में सुंदर लगती है। उसमें किशोर अपने कुछ दोस्तों के साथ नहा रहा था, तभी हादसा हो गया। मृतक की पहचान बैरिया थानाक्षेत्र की मलाही बलूआ पंचायत के ढारहारवा टोला निवासी रामलाल चौधरी के बेटे मनीब कुमार (17) के रूप में की गई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बीते सोमवार की रात मनीब कुमार अपने घर के बगल में शिव मंदिर के पास पोखर में कुछ दोस्तों के साथ नहा रहा था। बताया जा रहा है कि पोखर का दृश्य रात में लाइट की वजह से थोड़ा मनमोहक हो जाता है। किशोर नहाने के दौरान स्टंट करते हुए गहरे पानी में चला गया और डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। डूबे दोस्त को बचाने के लिए अन्य दोस्तों ने कोशिश भी की, लेकिन बचा नहीं पाए।
उसके बाद किशोर के दोस्तों का शोर सुनकर घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। उसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर के शव को मछुआरों का जाल प्रयोग कर 12 बजे रात को बाहर निकाला गया। किशोर की मौत के बाद से गांव में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है।
इधर, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करने में जुटी हुई है।