अस्पताल पहुंचे मृतक युवक के परिजन और पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेतिया की इंडो नेपाल सीमा सैनिक सड़क पर एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने एक बाइक सवार युवक को रौंद दिया। इस हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हालांकि घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनाटांड़ ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान इंडो नेपाल बॉर्डर से सटे परसा जिले (नेपाल) के घोड़दौड़ा गांव निवासी रमई यादव के बेटे हरि यादव (40) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद इनरवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, एक पिकअप वैन पटना से धान और मक्का के बीज लेकर इनरवा थाना क्षेत्र के इनरवा बाजार जा रही थी। इसी दौरान इंडो नेपाल सीमा सैनिक सड़क पर वैन ने खम्हियां गांव के पास सड़क पार कर रहे एक बाइक सवार को रौंद दिया। इस हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हालांकि पिकअप वैन भी पलटने से बाल-बाल बच गई।
वहीं, घटना को देख अगल-बगल के लोग दौड़े आए और पिकअप चालक को पकड़ने की कोशिश करने लगे। लेकिन पिकअप चालक को ऐसा लगा कि अगर लोग उसे पकड़ते हैं तो मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर देंगे। इसलिए वह अपनी गाड़ी लेकर आनन-फानन में इनरवा थाना पहुंचा और खुद को सरेंडर कर दिया।
इधर, थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करने में जुटी हुई है।