घटनास्थल पर मामले की जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा नगर के वार्ड संख्या 33 और 35 के सीमावर्ती क्षेत्र स्थित जुम्मन बाबा मजार के पास आम के बगीचे में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां एक प्रेमी युगल के शव एक ही पेड़ से आमने-सामने लटके मिले, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मुस्तफा नेशा के रूप में हुई मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान वार्ड 33 निवासी असगर अली के 19 वर्षीय पुत्र मो. मुस्तफा और वार्ड 35 के खैराकुट्टी निवासी गुलाब अंसारी की पुत्री सहाबुन नेशा के रूप में हुई है। दोनों के शव जिस स्थिति में मिले, उसने मामले को और अधिक रहस्यमय बना दिया है।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
सूचना मिलते ही प्रभारी नगर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों शवों को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। इसके बाद एसडीपीओ कुमार देवेंद्र भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की।
ये भी पढ़ें:
शादी की रस्म बनी काल; गंगा में डूबे एक ही परिवार के पांच सदस्य, चार लोगों के मौत से मातम
आत्महत्या या साजिश, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
परिजनों के अनुसार, दोनों के निकाह को लेकर मंगलवार देर रात वार्ड 33 के पार्षद मदन यादव के दरवाजे पर पंचायत हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के बीच सहमति भी बन गई थी। ऐसे में अगली सुबह इस घटना के सामने आने से पूरे इलाके में शोक और हैरानी का माहौल है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है।