बेतिया में महिला की हत्या कर दी गई। वह अपने घर में सो रही थी, तभी अपराधी घर घुसे और सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से फौरन घायल महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
घर में सो रही थी, अपराधियों ने सिर में मारी गोली
घटना जिले के योगापट्टी थाना क्षेत्र के खालवा टोला बड़हरवा गांव की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शुक्रवार की रात महिला अपने घर में सोई हुई थी। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने महिला के सिर में गोली मारकर फरार हो गए। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को परिजनों ने इलाज के बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। यहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की स्थिति गंभीर देखते हुए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। लेकिन, महिला की रास्ते में ही मौत हो गई।
अपराधियों की तलाश में चल रही है छापेमारी
इधर घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची योगापट्टी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। थानेदार मनोज कुमार प्रसाद ने बताया कि घायल महिला की पहचान थाना क्षेत्र के खलवा टोला बड़हरवा गांव निवासी डोमा चौधरी के 55 वर्षीय पत्नी राजमती देवी के रूप में की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। अपराधियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। थानेदार ने बताया कि मामला जमीनी विवाद से जुड़ा लग रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। अपराधियों की तलाश में छापेमारी चल रही है।