दोनों महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है
- फोटो : अमर उजाला
शेखपुरा जिले के बाउघाट थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अवैध संबंध के विवाद में दो पड़ोसी महिलाओं ने एक साथ कीटनाशक खाकर आत्महत्या की कोशिश की। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें इलाज के लिए पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन स्थिति बिगड़ने के बाद निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया।
अवैध संबंध बना आत्महत्या की कोशिश की वजह
ग्रामीणों के अनुसार, घटना की जड़ में अवैध संबंध का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक महिला के पति का दूसरी महिला से संबंध था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। शनिवार को भी इसी बात पर विवाद हुआ और गुस्से में आकर झालो देवी और शिखा देवी ने जहर खा लिया।
यह भी पढ़ें- Bihar News:नगर निगम के ट्रैक्टर ने बुजुर्ग महिला को कुचला, मौके पर ही मौत; बड़े बेटे से मिलने जा रही थी
घटना के वक्त घर पर नहीं थे दोनों के पति
घटना के समय दोनों महिलाओं के पति घर पर मौजूद नहीं थे। इस बीच जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे घबरा गए और तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए। हालांकि पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए बाद में उन्हें एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया।
डॉक्टर ने हालत नाजुक बताई, पुलिस जांच में जुटी
इलाज कर रहे डॉक्टर सौरव कुमार ने बताया कि दोनों महिलाओं ने कीटनाशक का सेवन किया है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, बाउघाट थाना प्रभारी कौशर आलम ने बताया कि पुलिस को जहर खाने की सूचना मिली है और अवैध संबंध को वजह बताया जा रहा है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
किशोरी की संदिग्ध मौत से और बढ़ा तनाव
इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों में भय और अफरातफरी का माहौल है। इसी बीच, उसी गांव में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर भी सामने आई है। पुलिस इस मामले को भी गंभीरता से ले रही है और जांच कर रही है कि कहीं दोनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध तो नहीं।
यह भी पढ़ें- Bihar Crime:अपराधियों ने दिनदहाड़े व्यवसायी को गोली मारी, फायरिंग करते हुए भागे; एसपी ने गठित की Sit टीम
परिवारों में पसरा मातम
महिलाओं के परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजन सकते में हैं। पुलिस गांव में नजर बनाए हुए है और हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई सबूतों के आधार पर की जाएगी।