शेखपुरा जिले के टाउन थाना क्षेत्र के जमुआरा के पास पत्थर खनन से बने करीब 400 फीट गहरे जलभराव वाले गड्ढे से दो दिनों से लापता बीटेक छात्र हेमराज उर्फ राजा कुमार का शव सोमवार दोपहर एसडीआरएफ की टीम ने बरामद किया। शव मिलने की सूचना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहनों पर पथराव कर दिया, जिससे चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। मृतक की पहचान शेखपुरा नगर के मेहुस मोड़ निवासी मोटर पार्ट्स व्यवसायी संतोष यादव के पुत्र हेमराज उर्फ राजा कुमार के रूप में हुई है। राजा जयपुर के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक का छात्र था।
शनिवार से था लापता
परिजनों के अनुसार, शनिवार दोपहर राजा बाइक लेकर पेट्रोल भरवाने की बात कहकर घर से निकला था। उसने इसकी जानकारी अपनी मां को दी थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
कचरा डंपिंग यार्ड के पास मिली थी बाइक
रविवार को महादेव नगर स्थित कचरा डंपिंग यार्ड के पास राजा की बाइक लावारिस हालत में मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। वहीं उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ मिल रहा था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी रही, लेकिन दो दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।
एसडीआरएफ ने गहरे गड्ढे से निकाला शव
सोमवार दोपहर जमुआरा के समीप पत्थर खनन से बने गहरे जलभराव वाले गड्ढे में एसडीआरएफ ने तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने राजा का शव बरामद कर लिया। शव बाहर निकलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया।
पढे़ं: अचानक JDU कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार, नाराज होकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से क्या कहा?
शव मिलने के बाद भड़का आक्रोश
शव बरामद होने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहनों पर पथराव कर दिया, जिससे चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया और माहौल शांत कराया।
हत्या की आशंका, निष्पक्ष जांच की मांग
मृतक के भाई नौलखा कुमार ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि खनन से बने इस खतरनाक गड्ढे की समय रहते घेराबंदी और सुरक्षा व्यवस्था की गई होती तो यह घटना नहीं होती। उन्होंने आशंका जताई कि राजा की हत्या कर शव को गड्ढे में फेंका गया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की है।
एएसपी ने क्या कहा
एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि छात्र के लापता होने की सूचना मिलने के बाद से पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही थी। सोमवार को एसडीआरएफ की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें शव बरामद हुआ। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। एफएसएल टीम को भी जांच में लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
मौत की खाई बन चुके हैं खनन के गड्ढे
शेखपुरा जिले में पूर्व में हुए पत्थर खनन से बने गहरे जलभराव वाले गड्ढे लगातार लोगों की जान ले रहे हैं। करीब डेढ़ वर्ष पहले भी एक छात्र की ऐसे ही एक गड्ढे में डूबने से मौत हो गई थी। उस समय एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की कई दिनों की मशक्कत के बाद चौथे दिन शव बरामद किया गया था।
उस घटना के बाद जिला प्रशासन ने सभी खतरनाक गड्ढों के चारों ओर घेराबंदी करने, चेतावनी बोर्ड लगाने और कंटीले तार लगाने का निर्णय लिया था। हालांकि, समय बीतने के बावजूद अधिकांश स्थानों पर सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण ये खनन स्थल अब 'मौत की खाई' बन चुके हैं और लगातार लोगों की जान ले रहे हैं।