Begusarai: बेगूसराय में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एचडीएफसी बैंक लूट मामले का उद्भेदन किया है। साथ ही साथ लूट की घटना में संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
21 मार्च को दिनदहाड़े बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र के हर हर महादेव चौक के समीप एचडीएफसी बैंक की शाखा में अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। जिसमें सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।
विज्ञापन
घटना के वक्त पांच अपराधियों के संलिप्तता की बात बताई जा रही थी एवं 16 लाख 33 हजार रुपए लूट की बात पुलिस के द्वारा बताई गई थी। बेगूसराय के एसपी मनीष ने बताया कि घटना के बाद ही पुलिस ने बैंक लूट की घटना को चुनौती पूर्वक लेते हुए एक टीम का गठन किया एवं वैज्ञानिक तरीके से मामले का अनुसंधान शुरू किया।
धीरे-धीरे कड़ियां जुड़ती चली गई और घटना में संलिप्त तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना में संलिप्त समस्तीपुर जिले के कुख्यात 3 लाख रुपये का इनामी अपराधी रवि रंजन तथा नीतीश एवं बेगूसराय जिले के भगवानपुर का रहने वाला एक अन्य अपराधी शामिल है।
विज्ञापन
घटना में उपयोग देसी कट्टा भी बरामद
बेगूसराय के एसपी मनीष ने बताया कि इन तीनों का काफी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और देश के विभिन्न हिस्सों में हुई बैंक लूट की घटनाओं एवं अन्य आपराधिक मामलों में इनकी संलिप्तता सामने आई है। इनमें दो अपराधियों का अंतरराज्यीय आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस ने एचडीएफसी बैंक लूट मामले में एक लाख नगद समेत घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल एवं देसी कट्टा को भी बरामद कर लिया है।