शेखपुरा में एक बच्चे के अपहरण मामले को लेकर गुस्साएं ग्रामीणों ने आक्रोश में आकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान सफर करने वाले यात्रियों को काफी फजीहत झेलनी पड़ी। वहीं, एनएच जाम की सूचना पर पहुंचे हथियावां थाना अध्यक्ष विनय कुमार ने लोगों को काफी समझाया, लेकिन लोग बच्चे की बरामदगी को लेकर अड़े रहे।
बता दें कि रविवार की शाम नेमदारगंज गांव निवासी पिंटू यादव का पुत्र प्रिंस कुमार रेलवे लाइन की ओर टहलने निकला था। इसी बीच उसका अपहरण कर लिया गया। जिसको लेकर किशोर के परिजनों ने हथियावां थाना में अज्ञात लोगों के विरुद्ध अपहरण कर लिए जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई।
वहीं, घटना के दूसरे दिन पीड़ित के वॉट्सऐप पर अज्ञात लोगों ने बच्चे को मुक्त करने के लिए फिरौती की मांग की। जिसके बाद पुलिस ने किशोर की बरामदगी को लेकर विशेष टीम को गठन किया था, लेकिन किशोर के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
इधर, जाम लगे रहने से दूर दराज जाने वाले वाहनों को राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान कई लोग अन्य मार्ग से अपने-अपने गंतव्य स्थान की ओर रवाना हुए। इस बाबत एसपी बलिराम चौधरी ने बताया कि किशोर की बरामदगी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही किशोर की बरामदगी कर ली जाएगी तथा सभी दोषी सलाखों के पीछे होंगे। हालांकि कई घंटों के बाद पुलिस के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला।