मुंगेर जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां खेत में काम करने गए एक 18 वर्षीय मजदूर बिट्टू कुमार की ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रैक्टर चालक ने मजदूर को खुद वाहन चलाने के लिए दे दिया था। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया और बिट्टू उसकी चपेट में आ गया। यह दर्दनाक हादसा सिंघिया-मानगढ़ मुख्य पथ स्थित एक मुर्गी फार्म के पास बुधवार की सुबह लगभग पांच बजे हुआ। बिट्टू लखीसराय जिले के मैदनीचौकी थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव का रहने वाला था।
यह भी पढ़ें- Bihar: दुर्गा पूजा के दौरान पति गया था आर्केस्ट्रा देखने, घर लौटा तो लटका मिला पत्नी का शव; दहेज हत्या का आरोप
चालक ने थमा दी ट्रैक्टर की स्टियरिंग
मृतक के पिता सीताराम साह ने बताया कि उनका बेटा रोज की तरह सुबह पांच बजे घर से मजदूरी करने निकला था। वह नवटोलिया निवासी ट्रैक्टर चालक रुदल यादव के साथ खेत में गेहूं का भूसा ढोने के लिए गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि खेत पहुंचने के बाद चालक ने बिट्टू को ट्रैक्टर चलाने के लिए दे दिया, जबकि वह ट्रैक्टर चलाना जानता भी नहीं था। कुछ ही दूर जाने के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया, जिससे बिट्टू ट्रैक्टर के नीचे दब गया। जब तक ग्रामीणों ने मिलकर उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सीताराम साह ने कहा कि मेरे बेटे ने कभी ट्रैक्टर नहीं चलाया था, वह मजदूरी करता था। चालक की लापरवाही ने मेरी दुनिया उजाड़ दी।
हादसे के बाद भाग निकले मजदूर के साथी
घटना के बाद बिट्टू के साथ खेत पर काम कर रहे अन्य मजदूर घटना स्थल से भाग खड़े हुए। जब ग्रामीणों को इसकी सूचना मिली तो उन्होंने पुलिस को खबर दी और मृतक के परिजनों को भी सूचना दी।
कुछ ही देर में मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए और बेटे की लाश देखकर बिलख पड़े। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और प्रशासन की अनदेखी का नतीजा बताया।
यह भी पढ़ें- Crime: अपराधियों ने दिनदहाड़े युवक से पांच लाख लूटे, विरोध करने पर गोली मारकर ली जान; हाईवे जाम कर प्रदर्शन
तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही सफियासराय, हेमजापुर और धरहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही घटना में शामिल ट्रैक्टर और ट्रॉली को भी ज़ब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और चालक की भूमिका की भी गहन पड़ताल की जाएगी।
ग्रामीणों ने की चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस से ट्रैक्टर चालक रुदल यादव को गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह घटना महज एक हादसा नहीं, बल्कि एक गैरजिम्मेदाराना और लापरवाही भरा कदम था, जिसने एक गरीब परिवार का चिराग बुझा दिया।